धूमधाम से मनाया गया श्री कृष्ण जन्मोत्सव
धूमधाम से मनाया गया श्री कृष्ण जन्मोत्सव
प्रतापगढ़। बाबागंज ब्लाक के पास जलेसरगंज क्षेत्र के खण्डवा गांव में पूज्य संत श्री राममूर्ति महाराज की चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान आज भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान मधुर संगीत पर सोहर गीत को सुनकर बच्चे बूढ़े एवं जवान खुद को थिरकने से रोक नहीं सके। इसी बीच श्रीकृष्ण भगवान के बाल रूप की मनमोहक झांकी निकाली गयी। नन्हीं प्यारी गुड़िया सौम्या भगवान नटवर के वेश में बरबश ही लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही थी। कथा मंडप की परिक्रमा करने के दौरान भगवान की झांकी पर फूलों की वर्षा की गई।
इसके बाद श्रीमद भागवत कथा शुरू हुई। श्रोताओं को कथा का रसपान कराते हुए पूज्य संत श्री राममूर्ति महाराज ने कहा कि श्रीमद भागवत पुराण परमात्मा श्री कृष्ण का शब्दमय शरीर है। भागवत पुराण और भगवान कृष्ण में अंतर नहीं है। दोनों ही ज्ञान के प्रकाश हैं।
महाराज ने कहा कि भगवान से भी महत्वपूर्ण है उनकी दिव्य कथा। यह कथा भगवान से मिलाने का सेतु का काम करती है। यह मानव में भगवत प्रेम का संचार करती है। महाराज ने कहा कि यह कथा किसी विशेष सम्प्रदाय के लिए नहीं है बल्कि प्रत्येक मानव का कल्याण करने वाली कथा है। भागवत कथा 29 अक्टूबर तक चलेगी। कथा सुनने के लिए श्रोताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
Comments
Post a Comment