मिरा भाईंदर भाजपा इकाई में घमासान और तेज़!
◾️नरेन्द्र मेहता के कार्यकर्ता सम्मेलन से भाजपा का कोई संबंध नहीं! - जिलाध्यक्ष रवि व्यास
◾️नरेन्द्र मेहता और जिलाध्यक्ष रवि व्यास के बीच चल रही वर्चस्व की लडाई में कार्यकर्ताओं की आफत...
◾️प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल के बाद अब पूर्व विधायक नरेन्द्र मेहता का कार्यकर्ता सम्मेलन, उच्चाधिकारियों को सूचना नहीं!!
श्रवण शर्मा / मिरा-भाईंदर शहर
शहर विधानसभा क्षेत्र-145 के पूर्व भाजपा विधायक नरेन्द्र मेहता और रवि व्यास के बीच संघर्ष बढता ही चला जा रहा है। इन दोनों की आपसी वर्चस्व की लडाई में पार्टी के वर्तमान स्थानीय नगरसेवक एवं नगरसेविकाओं, पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं में असमंजस का माहौल दिखाई दे रहा है। उनके सामने सवाल यह है कि, प्रदेश नेतृत्व के आदेश का अनुसरण करें या पूर्व विधायक का?
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल ने नरेन्द्र मेहता को उनकी योग्यता के आधार पर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी तथा रवि व्यास को शहर इकाई की। परंतु मेहता को यह मंजूर नहीं, वे मिरा-भाईंदर में ही सक्रिय भूमिका निभाने की इच्छा रखते हैं और आमादा हैं।
नरेन्द्र मेहता ने प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल द्वारा दी गई जिम्मेदारी को स्वीकार करने से नकार दिया और शहर में ही सक्रियता निभाने की ठान ली है। वहीं शहर के भाजपा जिलाध्यक्ष रवि व्यास ने बताया कि, नरेन्द्र मेहता द्वारा आगामी 5 दिसंबर को आयोजित कथित कार्यकर्ता सम्मेलन से भाजपा का कोई संबंध ही नहीं है!
एमबीएमसी का चुनाव करीब है और प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल ने स्पष्ट कर दिया है कि, शहर के मनपा चुनाव जिलाध्यक्ष रवि व्यास के नेतृत्व में ही लडा जायेगा तथा योग्यता के आधार पर ही उम्मीदवारों का चयन होगा व ए.बी.फार्म देने की जिम्मेदारी जिलाध्यक्ष की ही होगी। ऐसे में वर्तमान जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं में असमंजस का माहौल है कि, वे पूर्व विधायक की सुनें या वर्तमान जिलाध्यक्ष की।
सनद रहे कि, गत् दिनों भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल ने भाईंदर पश्चिम में कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया था। अब नरेन्द्र मेहता द्वारा आगामी 5 दिसंबर को कार्यकर्ताओं का सम्मेलन किया जा रहा है। जानकारों की नजर में यह आपसी शक्ति दिखाने का क्रम है। एक ही शहर में भाजपा के दो धडे एक-दूसरे को अपनी शक्ति दिखा रहे हैं, ऐसे में वर्तमान जनप्रतिनिधी और कार्यकर्ताओं में असमंजस का माहौल देखा जा रहा है। रवि व्यास ने बताया कि, मेहता द्वारा आयोजित किये जाने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन का भाजपा से कोई लेना-देना ही नहीं है, अतः सभी सावधान रहें और स्वविवेक से निर्णय लें और पार्टी हित के लिए काम करें!
- निर्भय कलम
Comments
Post a Comment